चित्तौड़गढ़/राजसमंद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजसमंद जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कलोलिया की निजी कार और जामा तलाशी के दौरान ₹28,110 की संदिग्ध नकद राशि बरामद कर जब्त कर ली। एसीबी के अनुसार अधिकारी राशि के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद नकदी को साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि उदयपुर चौकी को सूचना मिली थी कि अधिकारी कथित अवैध वसूली के बाद अपनी निजी कार से राजसमंद से उदयपुर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसीबी चित्तौड़गढ़ की टीम ने नेगड़िया श्रीनाथजी उदयपुर प्राइवेट लिमिटेड टोल प्लाजा पर आकस्मिक जांच की।
जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड और अधिकारी की जामा तलाशी में कुल ₹28,110 नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान अधिकारी राशि का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके, जिसके बाद नकदी को जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के नेतृत्व में की गई। एसीबी ने अधिकारी के उदयपुर स्थित आवास पर भी तलाशी शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम अनुसंधान और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
© THIRD EYE NEWS | TEN
Unauthorized reproduction is punishable under law.



0 टिप्पणियाँ