चित्तौड़गढ़। अफीम किसानों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की ओर से किसानों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए 13 अगस्त को चित्तौड़गढ़ में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें निंबाहेड़ा, कपासन और भदेसर तहसील के अफीम किसान अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
CBN के अनुसार जनसुनवाई गुरुवार, 13 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। इसका स्थान केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) कार्यालय, चित्तौड़गढ़ रहेगा।
जनसुनवाई में उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा अफीम किसानों की समस्याओं, शिकायतों और कठिनाइयों को व्यक्तिगत रूप से सुनेंगे। समस्याओं के नियमानुसार निराकरण के लिए किसानों को आवश्यक कार्रवाई और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
CBN के मुताबिक, जिन किसानों को अफीम खेती, लाइसेंस, पात्रता, माप-तौल या खेती से संबंधित किसी अन्य समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वे जनसुनवाई में अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं।
विभाग ने निंबाहेड़ा, कपासन एवं भदेसर तहसील के सभी संबंधित अफीम किसानों से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं को जनसुनवाई में रखने की अपील की है, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



0 टिप्पणियाँ