Ticker

6/recent/ticker-posts

नगर निकाय चुनाव 2026: चित्तौड़गढ़ जिले की 7 नगरीय निकायों के 250 वार्डों का आरक्षण लॉटरी से तय

चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत चित्तौड़गढ़ जिले की सात नगरीय निकायों में वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया सोमवार को पूरी की गई। जिला कलक्टर कार्यालय स्थित डीआरडीए सभागार में राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 6 एवं राजस्थान नगर पालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 5 के प्रावधानों के तहत लॉटरी निकाली गई। इसके माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के साथ संबंधित वर्गों में महिला आरक्षण के लिए वार्ड निर्धारित किए गए।

आरक्षण प्रक्रिया के तहत नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के 60 वार्ड, नगर परिषद निम्बाहेड़ा के 45 वार्ड, नगरपालिका कपासन के 25 वार्ड, बेगूं के 35 वार्ड, बड़ीसादड़ी के 25 वार्ड, रावतभाटा के 40 वार्ड तथा आकोला के 20 वार्ड शामिल रहे। इस प्रकार जिले की सातों नगरीय निकायों के कुल 250 वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया।

निर्देशों के अनुसार वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर नगर परिषदों एवं नगरपालिकाओं में गठित वार्डों में सीटों का निर्धारण एवं वर्गीकरण किया गया। इसी आधार पर कुल वार्डों की संख्या के अनुसार महिलाओं के वर्गवार आरक्षण का निर्धारण किया गया।

लॉटरी से निकाले गए परिणामों में विभिन्न वार्डों को अनारक्षित, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति महिला, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जनजाति महिला, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अन्य पिछड़ा वर्ग महिला श्रेणियों में आरक्षित किया गया। संबंधित निकायों के लिए जिला कलक्टर कार्यालय की ओर से अलग-अलग आदेश जारी कर वार्डवार आरक्षण की स्थिति घोषित की गई है।

आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पक्षों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही आगामी नगर निकाय चुनाव में विभिन्न वार्डों की आरक्षित श्रेणी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।

नगर परिषद चित्तौड़गढ़

नगर परिषद चित्तौड़गढ़



नगर परिषद निम्बाहेड़ा

नगर परिषद निम्बाहेड़ा


नगर पालिका रावतभाटा


नगर पालिका बेगूं




नगर पालिका कपासन



नगर पालिका बड़ी सादड़ी



नगर पालिका आकोला




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ