Ticker

6/recent/ticker-posts

चित्तौड़गढ़: डकैती की साजिश नाकाम, आहीद गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

 

बड़ीसादड़ी पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी आहीद, देशी पिस्टल, चार कारतूस और जब्त कार

चित्तौड़गढ़ जिले की बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले ही बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू और वारदात में प्रयुक्त टोयोटा इटियोस कार जब्त की है। वहीं चार अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पारलिया-कीरतपुरा रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पानी की टंकी के पास खड़ी एक सफेद टोयोटा इटियोस कार में पांच संदिग्ध युवक डकैती की योजना बनाते दिखाई दिए।

पुलिस को देखकर सभी आरोपी खेतों की ओर भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने एक आरोपी आहीद पुत्र अकरम खान निवासी उदयपुर (हाल निवासी राजसमंद) को पकड़ लिया, जबकि उसके चार साथी फरार हो गए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों को नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

कार की तलाशी के दौरान गियर बॉक्स के पास एक धारदार चाकू तथा डैशबोर्ड से एक देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आहीद के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है।

कार्रवाई करने वाली टीम:

एएसआई लीलाराम, कांस्टेबल राकेश कुमार, दिनेश कुमार, बाबूलाल, राकेश, ओमप्रकाश और नानूराम।

© THIRD EYE NEWS | TEN

Unauthorized reproduction is punishable under law.


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ