चित्तौड़गढ़ | हरियाली अमावस्या पर चित्तौड़गढ़ दुर्ग घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बुधवार को चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। पर्यटकों और पदयात्रियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने दुर्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक रहेगा प्रतिबंध
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के अनुसार सुबह 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक पाडनपोल से दुर्ग की ओर किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इसमें दुपहिया, तिपहिया, चौपहिया वाहनों के साथ पिकअप, ट्रैक्टर, बस और अन्य बड़े वाहन भी शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि हरियाली अमावस्या पर बड़ी संख्या में पर्यटकों और पदयात्रियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और पदयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
यहां खड़े होंगे वाहन
दुर्ग आने वाले लोगों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। दुपहिया वाहन इनकम टैक्स ऑफिस के सामने पार्क किए जाएंगे। जबकि चौपहिया और बड़े वाहनों में पिकअप, ट्रैक्टर, बस सहित अन्य बड़े वाहनों के लिए ईनाणी सिटी सेंटर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
दुर्गवासियों के लिए भी एडवाइजरी
प्रशासन ने दुर्गवासियों से अपील की है कि वे अपने जरूरी कार्य सुबह 8 बजे से पहले निपटा लें। इसके बाद सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक दुर्ग पर वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
© THIRD EYE NEWS | TEN
Unauthorized reproduction is punishable under law.



0 टिप्पणियाँ