पुलिस ने जिले में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक मामले में हिस्ट्रीशीटर ने देशी कट्टानुमा हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर दहशत फैलाने की कोशिश की, जबकि दूसरे मामले में जन्मदिन की पार्टी के दौरान अवैध दुनाली बंदूक से हवाई फायरिंग कर उसकी रील सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध दुनाली बंदूक भी जब्त कर ली।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कुछ असामाजिक तत्व हथियारों के साथ फोटो-वीडियो साझा कर खुद को प्रभावशाली दिखाने और लोगों में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों की पहचान के लिए जिलेभर में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और तकनीकी विश्लेषण लगातार किया जा रहा है। हथियारों का प्रदर्शन, अपराधियों का महिमामंडन और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी सामग्री पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बस्सी थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर हिस्ट्रीशीटर सोनू सुथार (32) निवासी बस्सी को सोशल मीडिया पर देशी कट्टानुमा हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में भय फैलाने के आरोप में शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया। जबकि दूसरे मामले में जिला विशेष टीम (डीएसटी) और सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की। वीडियो में जन्मदिन समारोह के दौरान अवैध दुनाली बंदूक से हवाई फायरिंग करते हुए राहुल बंजारा और दशरथ नायक दिखाई दिया, जबकि अभिषेक नायक केक काटता नजर आया। जांच में सामने आया कि फायरिंग की वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर स्वयं अपलोड की गई थी। पुलिस ने दुनाली बंदूक जब्त कर राहुल बंजारा और दशरथ नायक को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया, जबकि अभिषेक नायक को शांति भंग में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या हथियारनुमा वस्तुओं के साथ फोटो, वीडियो, रील या स्टेटस अपलोड करना, अपराध का महिमामंडन करना अथवा लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करना कानूनन दंडनीय है। ऐसे मामलों में पुलिस साइबर मॉनिटरिंग के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस ने कपासन क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर तलवार से केक काटकर रील बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दहशत फैलाने के मामले में शोएब लाला नाम के हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया था। अब हथियारों का प्रदर्शन, हवाई फायरिंग, तलवारबाजी या अपराध का महिमामंडन करने वाली किसी भी फोटो, वीडियो या रील पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया पर कानून तोड़कर रुतबा दिखाने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



0 टिप्पणियाँ