चित्तौड़गढ़। जिले में उर्वरक विक्रेताओं की मनमानी पर कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) चित्तौड़गढ़ के निर्देश पर कृषि अधिकारी गोपाल लाल शर्मा द्वारा किए गए निरीक्षण में दो उर्वरक विक्रेताओं के यहां गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मैसर्स श्रीराम कृषि सेवा केन्द्र, चित्तौड़ रोड बड़ीसादड़ी एवं मैसर्स जोशी फर्टिलाइजर्स, सांगरिया के विक्रय परिसरों की जांच की गई। जांच में दोनों स्थानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं होना, स्टॉक रजिस्टर का अपूर्ण पाया जाना, गोदाम में उपलब्ध उर्वरक स्टॉक का पीओएस मशीन व बिलों से मेल नहीं खाना तथा बिलों में आदानों का पूर्ण विवरण अंकित नहीं होना जैसी गंभीर खामियां सामने आईं।
कृषि विभाग द्वारा दोनों फर्मों को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद कृषि अधिकारी गोपाल लाल शर्मा की अनुशंसा पर दोनों फर्मों के उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी जिलेभर में उर्वरक विक्रेताओं के निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
किसानों के लिए अगले सप्ताह आएंगे 50 हजार यूरिया खाद के कट्टे, उर्वरक विक्रेताओं का औचक निरीक्षण
© THIRD EYE NEWS | TEN
Unauthorized reproduction is punishable under law.



0 टिप्पणियाँ