“मुझे सदैव क्षेत्र की 36 कोम का स्नेह और सहयोग मिलता रहा है। यही प्रेरणा मुझे और बेहतर जनसेवा करने के लिए उत्साहित करती है: विधायक आक्या
चित्तौड़गढ़: चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या का जन्मदिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई कार्यक्रम आयोजित हुए।
धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना एवं पौधारोपण
सुबह विधायक आक्या ने मधुवन स्थित ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर और सेंती स्थित सांवरियाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद गायत्री मंदिर में हवन, दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन किया। दुर्ग से लौटते समय त्रिपोलिया हनुमानजी मंदिर में दर्शन कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। साथ ही गांधीनगर गौशाला में गायों को चारा खिलाया।
रोड शो और भव्य स्वागत
अम्बेडकर सर्किल पर माल्यार्पण के पश्चात एससी मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर विधायक आक्या का स्वागत किया। इसके बाद लम्बे काफिले के साथ रोड शो करते हुए भरत बाग पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।
दिव्यांग उपकरण एवं चिकित्सा शिविर
भरत बाग में विधायक आक्या ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारीता विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क दिव्यांग उपकरण शिविर का उद्घाटन किया। यहां 11 ट्राईसाइकिल, 11 व्हील चेयर, 21 श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
साथ ही गीतांजली हॉस्पिटल उदयपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर में करीब 3800 पंजीकरण हुए, जिनमें 292 मरीजों को विशेष इलाज और ऑपरेशन हेतु निःशुल्क सुविधा दी जाएगी।
संतों और गणमान्य व्यक्तियों का आशीर्वाद
समारोह में कालिका माता मंदिर के महंत नारायण पुरी महाराज, संत सूदर्शनाचार्य महाराज, महंत चंद्रभारती महाराज सहित कई संतों का स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारी वर्ग, महिला संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक को उपरना, साफा और पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाएं दीं।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री गौतम दक, निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ