Ticker

6/recent/ticker-posts

रिकॉर्ड बहुमत से भाजपा का बोर्ड बनाएंगे : सांसद जोशी

 


कांग्रेस का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं : विधायक आक्या

चित्तौड़गढ़। जनसंघ के जमाने से ही चित्तौड़गढ़ की जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिलता रहा है और इस बार भी जनता रिकॉर्ड बहुमत के साथ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने जा रही है। डबल इंजन सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्य और शहर में उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाएं भाजपा की जीत का प्रमुख आधार बनेंगी।

यह बात क्षेत्रीय सांसद सीपी जोशी ने शुक्रवार को नगर परिषद चुनाव-2026 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए पत्रकार वार्ता में कही।

सांसद जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर परिषद चुनाव में संकल्पबद्ध होकर जनभागीदारी, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहर की गंगा-गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट का निर्माण और गंभीरी माता की प्रतिमा की स्थापना सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्य भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अमृत सिटी के माध्यम से चित्तौड़गढ़ को विकास की अनेक सौगातें दी हैं। इन विकास कार्यों के आधार पर शहर की जनता भाजपा को अब तक का सबसे प्रचंड जनादेश देगी। सांसद ने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने के बाद ऐसा प्रयास किया जाएगा कि चित्तौड़गढ़ को देश के विकसित और सुव्यवस्थित शहरों की श्रेणी में शामिल किया जा सके तथा यह शहर इंदौर जैसे विकसित शहरों के समकक्ष अपनी पहचान बनाए।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर नगर परिषद चुनाव लड़ रहे हैं और शहर में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनना तय है।


विधायक आक्या ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त और विकसित शहर बनाने का रोडमैप है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ऐसा चित्तौड़गढ़ बनाना है, जहां स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाएं, सुगम यातायात, रोजगार और पर्यटन को प्राथमिकता मिले। प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।


पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, जिला संगठन सह-प्रभारी नरेन्द्र जैन, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, चुनाव संयोजक सुशील शर्मा, सह-संयोजक अनंत समदानी, झालावाड़ सह-प्रभारी सागर सोनी, मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी, गजेन्द्र सिंह, सुधीर जैन, मनोज पारीक, नंदकिशोर लोहार, एडवोकेट प्रदीप काबरा, आशीष शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा के संकल्प पत्र में विकास का रोडमैप

नगर परिषद चुनाव के लिए जारी भाजपा के संकल्प पत्र में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से शहर के मध्य से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर नवीन अंडरपास का निर्माण, गंगा-गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट का निर्माण एवं गंभीरी माता की प्रतिमा की स्थापना तथा शहर के प्रवेश स्थलों पर स्वागत एवं शौर्य द्वार का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा साफ-सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सेक्टर ऑफिस व्यवस्था को सुचारू करने, घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने, गोल प्याऊ सहित प्रमुख व्यस्ततम क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा आवश्यक स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने की योजना का भी वादा किया गया है।

संकल्प पत्र में व्यापारियों एवं ग्राहकों के लिए पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल और यातायात की बेहतर व्यवस्था करने, प्रमुख एवं सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई है।

इसके साथ ही नवीन ट्रांसपोर्ट नगर का विकास, चंदेरिया में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज का निर्माण, चंदेरिया में स्टेडियम एवं आधुनिक सामुदायिक भवन का निर्माण, प्रत्येक वार्ड में स्थित डंपिंग यार्ड हटाने, सार्वजनिक शौचालयों का नवीनीकरण तथा भेरड़ा माइंस से संगम महादेव तक नदी पर काजवे(पुलिया) निर्माण सहित कई कार्यों को संकल्प पत्र में शामिल किया गया है।

संकल्प पत्र में भाजपा ने चित्तौड़गढ़ नगर परिषद को जनसुविधा, सुशासन और विकास का आदर्श नगर निकाय बनाने का संकल्प व्यक्त किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ