चित्तौड़गढ़। नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान चित्तौड़गढ़ के भदेसर क्षेत्र में तस्कर ने CBN टीम के वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो की तलाशी में 451.400 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गुजरात नंबर की स्कॉर्पियो को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गुप्त सूचना पर CBN ने बिछाया जाल
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की राजस्थान यूनिट को सूचना मिली थी कि गुजरात पंजीयन नंबर वाली एक स्कॉर्पियो के जरिए भदेसर क्षेत्र से अवैध डोडा चूरा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए CBN कोटा के अधिकारियों की टीम गठित की गई और संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की गई।
CBN टीम ने संभावित रास्तों पर नजर रखी। इसी दौरान 10 अगस्त 2026 को मंदसौर-पोटला कलां से पोटला खुर्द मार्ग पर संदिग्ध स्कॉर्पियो दिखाई दी। अधिकारियों ने वाहन की पहचान कर उसे रोकने का प्रयास किया।
रोकने के बजाय CBN टीम के वाहन को मारी टक्कर
अधिकारियों के मुताबिक, टीम द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने रुकने के बजाय CBN के सरकारी वाहन को टक्कर मार दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
अचानक हुई इस हरकत के बाद CBN अधिकारियों ने वाहन का पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो को सुरक्षित रूप से CBN कार्यालय लाया गया, जहां उसकी विधिवत तलाशी ली गई।
20 बोरों में छिपाकर रखी थी डोडा चूरा की खेप
स्कॉर्पियो की तलाशी के दौरान अधिकारियों को 20 बोरे मिले। इन बोरों की जांच करने पर उनमें अवैध डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया।
CBN ने वजन कराने के बाद कुल 451.400 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद टीम ने डोडा चूरा के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार
मामले में CBN ने NDPS अधिनियम, 1985 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसी अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। तस्करी के पूरे नेटवर्क और संभावित सप्लायर व खरीदारों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्रवाई
CBN की यह कार्रवाई केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। विभाग का फोकस केवल मादक पदार्थ बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क और ड्रग सिंडिकेट तक पहुंचना भी है।
CBN अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
CBN की आमजन से अपील
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने आमजन से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। विभाग के मुताबिक मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी CBN को संपर्क या 0744-2438928 व्हाट्सएप नम्बर 8764748232 के अलावा
ई-मेल:dnc-kota@cbn.nic.in पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी विभाग ने दिलाया है।
© THIRD EYE NEWS | TEN
Unauthorized reproduction is punishable under law.



0 टिप्पणियाँ