Ticker

6/recent/ticker-posts

बुजुर्ग पर भतीजे और उसकी पत्नी ने कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, दोनों हाथ कटकर लटके, रास्ते को लेकर था आपसी विवाद


चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के मुरलिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रास्ते के विवाद को लेकर 75 वर्षीय बुजुर्ग पर उनके ही भतीजे और उसकी पत्नी ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के दोनों हाथ कुल्हाड़ी के वार से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और शरीर पर कई जगह गहरे घाव आए हैं।

मुरलिया निवासी पीड़ित शंकर लाल (75) ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 15 अप्रैल  को सुबह करीब 10 बजे वह अपने खेत में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान उनका भतीजा राजू और उसकी पत्नी कुल्हाड़ी लेकर खेत में घुस आए।

आरोप है कि दोनों ने आते ही रास्ता रोककर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। शंकर लाल ने बचाव में हाथ आगे किया तो कुल्हाड़ी का वार सीधे हाथ पर लगा, जिससे उनका दाहिना हाथ कंधे के नीचे से लगभग कटकर लटक गया। इसके बाद लगातार हमले में बायां हाथ भी बुरी तरह टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में पैर और सीने पर भी वार किए गए। जिससे शंकरलाल बेहोश होकर गिर पड़े। हमले के बाद आरोपी दंपति शंकर लाल को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद होश आने पर गांव के रामेश्वर जाट और नारायण जाट उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे, लेकिन आरोपियों के सिर पर खून सवार था। उनके हाथों में कुल्हाड़ी देख डर से कोई ग्रामीण बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। इस घटना से पूरे गांव में भय का माहौल है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हमला रास्ते के पुराने विवाद को लेकर किया गया। फिलहाल भदेसर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर  आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, घायल बुजुर्ग की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ