Ticker

6/recent/ticker-posts

सड़क हादसा: सवारियों से खचाखच भरी रोडवेज बस और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर, 30 से अधिक यात्री घायल

बेगूं क्षेत्र में चित्तौड़गढ़-कोटा NH- 27 पर हुआ हादसा

 संवाददाता: राजकुमार राईवाल 

बेगूं (चित्तौड़गढ़)। नेशनल हाईवे 27 पर काटूंदा मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से खचाखच भरी रोडवेज बस और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बस में सवार 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोडवेज बस उदयपुर से कोटा की ओर जा रही थी। होली के त्योहार के कारण बस में सामान्य से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक ने काटूंदा मोड़ बस स्टॉप पर कुछ सवारियों को उतारने के बाद दोबारा हाईवे पर चढ़ने के लिए अंडरब्रिज से गुजरने के बजाय गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से बस को नेशनल हाईवे पर ले लिया। इसी दौरान अपनी सही दिशा में आ रहे ट्रेलर से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों, आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाया गया। राहत कार्य में जुटे गोपाल छीपा और दिनेश चंद्र मेवाड़ा ने बताया कि अधिकांश घायलों के चेहरे, सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल लाया गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को चित्तौड़गढ़ स्थित सांवलियाजी राजकीय जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें काछोला निवासी 4 वर्षीय दिशा पुत्री कमलेश धाकड़, बिजौलिया निवासी 6 वर्षीय मोहम्मद जहीन तथा उसकी मां जहिया (31) पत्नी सोहेल, कापरेन (कोटा) निवासी आकाश (30) पुत्र रामकरण शर्मा और रायपुर (भीलवाड़ा) निवासी जीवराज कुमार (38) पुत्र सोहनलाल शामिल हैं।

अन्य घायलों को काटूंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और बेगूं उपजिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। स्थानीय अस्पतालों में भर्ती घायलों में जाशमा (कपासन) निवासी कालूराम (36), रेल का अमराना निवासी अजय सिंह (21), जोधपुरिया निवासी नरेंद्र सिंह (32), कोटा निवासी वीरेंद्र सिंह (33), पूजा कुमारी (35), प्रियांशु (24), कापरेन निवासी वरुण अजमानी (40), इकलेरा (झालावाड़) निवासी गोविंद (36) व जानकी बाई (25), मरबामी निवासी भव्य कुमार (23) व महेश कुमार (57), रायसिंहपुरा (मांडलगढ़) निवासी सांवरिया जाट (42), गंगापुर सिटी निवासी ओमप्रकाश (30), बिजौलिया निवासी अरनव धाकड़ (21), सूरज विलास निवासी नीतीश (22), सारनपुर (हरियाणा) निवासी सुरेश (21), रूपपुरा काछोला निवासी भेरी धाकड़ (29), सागर (मध्यप्रदेश) निवासी राजू (37), सहाड़ा निवासी शंकर सिंह (53), फतनगर निवासी सोनू धाकड़ (19), सामरिया निवासी जशोदा (25) तथा सलावटिया निवासी विष्णु (26) शामिल हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी एसपी अंजली सिंह, पारसोली थाना प्रभारी ठाकराराम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। वहीं एसडीएम अंकित सामरिया ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा। प्रशासन ने दूसरी रोडवेज बस की व्यवस्था कर हल्की चोटिल सवारियों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर बस चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। त्योहार के मौके पर ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 © THIRD EYE NEWS | TEN

Unauthorized reproduction is punishable under law.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ