चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर ओछड़ी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी द्वारा पार्टी ध्वज फहराकर की गई।
जिला मीडिया संयोजक मनोज पारीक ने बताया कि मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 1951 में जनसंघ की स्थापना से शुरू हुआ सफर 1980 में भाजपा के गठन तक पहुंचा और आज कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ने और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूती मिलने की बात कही।
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को संघर्ष और समर्पण की मिसाल बताया। वहीं विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है।
जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने स्वागत उद्बोधन में संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया। सांसद सी.पी. जोशी, मंत्री गौतम दक एवं विधायक सुरेश धाकड़ ने दूरभाष के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अभियान के जिला संयोजक सी.पी. नामधराणी ने अभियान की रूपरेखा रखी, जबकि संचालन जिला महामंत्री रघु शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता ही पार्टी की मजबूती का आधार है।
कार्यक्रम से पूर्व भाजपा के इतिहास एवं विकास यात्रा से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाते हुए आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच जनसंघ काल से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चंडालिया, पूर्व जिला प्रमुख भेरू सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ