ओम भट्ट, 8000191859
चित्तौड़गढ़। राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने आज राज्य विधानसभा में पेश किए गए बजट में चित्तौड़गढ़ जिले के लिए कई बड़े विकासात्मक और सामाजिक निवेशों की घोषणा की। बजट में सड़क, पानी, बिजली, पर्यावरण, खेल, स्वास्थ्य, पशुपालन और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सौगातों का ऐलान किया गया।
सबसे बड़ी घोषणा चित्तौड़गढ़ में 31 करोड़ रुपये की लागत से कुम्भा बायलोजिकल पार्क विकसित करने की है।
विशेष सड़क और आधारभूत संरचना
प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेट हाईवे, आरओबी/आरयूबी/फ्लाईओवर/ब्रिजेज का निर्माण, मरम्मत और उन्नयन कार्य होंगे। जिसमें लगभग 1,800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
◆ चित्तौड़गढ़ में NH-27 से विजयपुर वाया अभयपुरा–पालेर–गोरसिया तक (25 किमी) — 40 करोड़ रुपये।
◆ टोलू का लुहारिया से मध्यप्रदेश सीमा तक वाया जावदा बाईपास, बलकुंडी, देवपुरा, जवाहरनगर तक (बेगू)।
◆ देवगढ़ से सामली पठार तक (बड़ी सादड़ी) — 70 लाख रुपये।
◆ गाडरी खेड़ा (सतपुड़ा) से सिंहपुर वाया कंथारिया, नेतवाल महाराज, बैजनाथिया, छापरी (19 किमी) — 40 करोड़ रुपये।
◆ दुर्गा माता मंदिर से आकोला वाया बबराना, सांवता, गाडरियावास आकोला (12 किमी, कपासन) — 15 करोड़ रुपये।
◆ निम्बाहेड़ा करथाना फाटक से बड़ोलीघाटा शाहबाद — 3.82 करोड़ रुपये।
◆पुलिस लाइन के पास बेड़च नदी पर धनेत कलां पुलिया — 25 करोड़ रुपये।
◆ प्रदेश में 26 रेलवे क्रॉसिंग पर ROBs/RUBs का DPR कार्य होगा। जिसमें चित्तौड़गढ़ में LC-2C डबोक मावली-कपासन (SH-9) — उदयपुर शामिल है।
पेयजल और विद्युत
प्रदेश में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 160 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य होंगे। जिसमें जाखम बांध आधारित वृहत पेयजल परियोजना के अंतर्गत निम्बाहेड़ा–चित्तौड़गढ़ एवं छोटी सादड़ी–प्रतापगढ़ कस्बे में लघु परियोजनाओं से लाभान्वित ग्रामों को बल्क वॉटर उपलब्ध करवाने के लिए 1 करोड़ 37 लाख की डीपीआर बनाई जाएगी।
सिंचाई परियोजनाओं में गंभीरी मध्यम बांयी नहर, सुरेड़ा (किशनगढ़) डूंगला एनीकट निर्माण, मरम्मत, जीर्णोद्धार, राश्मी एवं माण्डल में स्थित मेजा फीडर नवीनीकरण का कार्य (चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा) - 74 करोड 11 लाख रुपये व मातृकुण्डिया बांध के रिसाव एवं जल निकास प्रणाली के सुदृढीकरण/नवीनीकरण सम्बन्धी कार्य में 18 करोड़ 89 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
विद्युत तंत्र विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण
प्रदेश में विद्युत तंत्र विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 220 केवी के 6, 132 केवी के 13 और 33 केवी के 110 जीएसएस का निर्माण होगा। जिसमें चित्तौड़गढ़ में 220 केवी जीएसएस रसूलपुरा (निम्बाहेड़ा), 33/11 केवी जीएसएस लसाडिया कलां (कपासन) और पिपलवास (भदेसर) में होगा।
सौंदर्यीकरण, न्याय और अन्य कार्य
◆बेड़च नदी पर भाईखेड़ा से बीसीडब्ल्यू चंदेरिया तक कॉजवे/कलवर्ट — 5 करोड़ रुपये।
◆ पन्नाधाय सेतु से महाराणा प्रताप सेतु के मध्य ‘गंभीरी रिवर फ्रंट’ विकास — 20 करोड़ रुपये।
◆ इंदिरा गांधी स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक — 10 करोड़ रुपये।
◆ आकोला (भोपालसागर) में खेल स्टेडियम।
◆ निम्बाहेड़ा में एनडीपीएस कोर्ट व निम्बाहेडा के रानीखेड़ा में नवीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना।
◆ चित्तौड़गढ़ सहित 14 ज़िलों में चिल्ड्रन होम्स के लिए भवन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए 19 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पशुपालन और पोल्ट्री
◆ चित्तौड़गढ़ में पावली (राशमी) सहित प्रदेश में 200 ग्राम पंचायतों में पशु चिकित्सा उपकेंद्र खोले जाएंगे।
◆ मुर्गीपालन और गौ उत्पाद: चित्तौड़गढ़ सहित अन्य जिलों में 35 महिला शक्ति पोल्ट्री क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे, प्रत्येक क्लस्टर में कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट सहित बैकयार्ड पोल्ट्री की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रति क्लस्टर 10 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
वित्त मंत्री दीया कुमारी ने कहा कि यह बजट पर्यावरण, पर्यटन, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा और जिले में रोजगार के अवसर सृजित करेगा।






0 टिप्पणियाँ